सिकंदराबाद में हाईवे पर पलटी बस, महिला की मौत
सिकंदराबाद। कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे- 91 पर गांव बिलसूरी स्थित बिजली घर के निकट तेज रफ्तार अनियंत्रित अनुबंधित रोडवेज बस पलट गई। जिसकी चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि 5 महिलाएं घायल हो गईं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बस में सवार अन्य यात्री भी घायल हुए, जो प्राथमिक उपचार के बाद अपने घर चले गए।
मंगलवार दोपहर बुलंदशहर रोडवेज की अनुबंधित बस बुलंदशहर से गाजियाबाद जा रही थी। सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव बिलसुरी स्थित बिजलीघर के निकट तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खेत मे पलट गई। बस में लगभग 35 यात्री सवार थे। हाईवे किनारे धान रोपने के बाद पैदल जा रही महिलाएं बस की चपेट में आ गईं। जिसमें गांव बिलसूरी निवासी महिला सतवीरी (45) पत्नी बनवारी की बस के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गांव बिलसूरी निवासी नेहा कुमारी पुत्री ऋषि पाल, गीता पत्नी मुकेश, शांति पत्नी हरेंद्र ,हरनंदी पत्नी रमेश व साइन पत्नी इरशाद निवासी नया बस स्टैंड गाजियाबाद गंभीर रूप से घायल हो र्गइं। घायल महिलाएं खेतों में काम करके पैदल ही अपने घर लौट रही थीं। बस पलटने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सवारियों को सकुशल बाहर निकाला। बस में सवार यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अन्य वाहनों से उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया। हादसे के बाद मौके पर एसडीएम रविशंकर सिंह , सीओ नम्रता श्रीवास्तव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और गांव निवासी घायल महिलाओं को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचवाया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है, जबकि बस चालक व परिचालक मौके से भाग निकले। वहीं, हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन से बस को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
डीएम एसएसपी ने दिए दिशा निर्देश
हादसे की सूचना मिलते ही डीएम रविन्द्र कुमार और एसएसपी संतोष कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। अफसरों ने अधीनस्थों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके बाद डीएम और एसएसपी ने जिला अस्पताल पहुंच कर घायलों से हालचाल पूछा। साथ ही अस्पताल प्रशासन को घायलों के उचित उपचार के लिए निर्देशित किया।
हादसे में एक महिला की मौत हुई है, जबकि, पांच महिलाएं घायल हैं, जिनका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। बस को कब्जेे में ले लिया गया है। हादसे का कारण पता लगाने का प्रयास जारी है। जल्द ही चालक को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- संतोष कुमार सिंह, एसएसपी