संवाद न्यूज एजेंसी
जहांगीराबाद। नगर के शिवकुमार अग्रवाल जनता इंटर कालेज में सोमवार को पुरातन छात्र सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में करीब 100 पुरातन छात्र-छात्रा शामिल हुए। छात्र-छात्राओं ने अपने गुजरे पलों को याद कर संस्थान से जुड़ी खट्टी-मीठी बातों को भी साझा किया।
समारोह में मुख्य अतिथि उद्यमी ओमप्रकाश जालान ने कहा कि किसी भी विद्यालय की वास्तविक पूंजी पुरातन छात्र होते हैं, जो समाज में संस्थान के शुरूआत से लेकर प्रगति, समाज विकास तथा उत्थान प्रयासों के उदाहरण होते हैं। उन्होंने विद्यालय के विकास के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा भी की। पुरातन छात्र सीए मनीष मांगलिक, अखिलेश कौशिक, योगेेंद्र लोधी, अनुराग दीक्षित, ऋषिकांत दीक्षित, राघव अग्रवाल, कविल गर्ग, विवेक अग्रवाल, अभिषेक जैन व डॉ.वेदप्रकाश ने कहा कि हमें गर्व है कि आज हम जिस भी मुकाम पर है उसमें इस विद्यालय व स्टॉफ का विशेष योगदान है।
पुरातन छात्रों ने अध्ययनरत छात्रों को सफलता के तरीके बताए। इस मौके पर पुरातन छात्र विवेक अग्रवाल द्वारा अपने पिता मुन्नी लाल गुप्ता पूर्व प्रधानाचार्य की स्मृति में बनवाई गई अत्याधुनिक भौतिक प्रयोगशाला का भी लोकार्पण किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य सीपी अग्रवाल ने सभी पुरातन छात्रों से आह्वान किया कि वह भविष्य में भी विद्यालय आते रहे। उन्होंने सभी को विद्यालय की सभी प्रमुख उपलब्धियों से अवगत भी कराया और बताया कि कैसे विद्यालय ने राज्य से लेकर राष्ट्रपति पुरस्कार तक हासिल किया है। विद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र अग्रवाल व प्रधानाचार्य सीपी अग्रवाल ने सभी पुरातन छात्रों को स्मृति चिन्ह भेंट भी किए। इस मौके पर डॉ.विनोद कुमार, अनूप रावल, कैलाश प्रसाद, डॉ.राकेश शुक्ला, अखिलेश पाठक, मनोज शर्मा, प्रेम सिंह व राकेश चौधरी खदाना आदि मौजूद रहें। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सभी ने खूब प्रशंसा की।