राशन वितरण में अनियमितता पर दो दुकानें निलंबित
बुलंदशहर। राशन वितरण में अनियमितता के मामले में राशन डीलरों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। एक राशन विक्रेता के प्रतिष्ठान पर राशन कम मिलने पर डीलर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है जबकि दो दुकानों को निरस्त किया गया है। प्रशासन की कार्रवाई से राशन डीलरों में हड़कंप मचा हुआ है।
राशन वितरण में अनियमितता को लेकर विभिन्न गांवों की लगातार शिकायतें जिला प्रशासन के पास पहुंच रहीं हैं। स्थिति यह है कि कई गांवों में राशन डीलरों पर ग्रामीणों ने अभद्र व्यवहार करने, कम राशन देने की शिकायतें लगातार की जा रहीं हैं। इन शिकायतों पर जांच करते हुए अब गांव उस्मापुर के राशन डीलर विनोद कुमार गुप्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बताया जा रहा है कि शिकायत के बाद जब मौके पर पहुंचकर जांच की गई तो स्टॉक रजिस्टर और मौके पर मौजूद राशन में काफी अंतर मिला। जब इसका कारण पूछा तो वह कारण स्पष्ट नहीं कर सका। इसके अलावा डिबाई के गांव मऊ नगला और खुर्जा के गांव घटाल में राशन डीलरों की शिकायतों की जांच करते हुए खामी पाए जाने पर दुकानों को रद्द कर दिया है। संबंधित गांवों के उपभोक्ताओं को राशन के लिए पास के ही राशन डीलरों पर शिफ्ट किया गया है।
राशन की कई शिकायतें मिली हैं। इन पर जांच कराई जा रही है। दो दुकानों को रद्द करने के साथ ही एक आरोपी डीलर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। - डॉ. प्रशांत कुमार, एडीएम प्रशासन