चोला। क्षेत्र के गांव निवासी युवक ने रास्ते से नाबालिग छात्रा को अपने घर में खींचकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
क्षेत्र के गांव निवासी युवक ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी बेटी कक्षा नौ की छात्रा है। बेटी घर से ताई के घर किसी काम से जा रही थी। तभी गांव निवासी युवक ने जबरदस्ती उसके मुंह में कपड़ा लगाकर उसे घर के अंदर खींच लिया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। जब उनकी बेटी काफी देर तक घर नहीं पहुंची तो उन्होंने तलाश करना शुरू किया। काफी तलाशने के बाद भी बेटी का कहीं कोई सुराग नहीं मिला। गांव निवासी युवक पर शक हुआ तो आरोपी उन्हें देखकर हड़बड़ाने लगा। जिससे उनका शक यकीन में बदल गया। तभी आरोपी युवक वहां से भाग निकला। उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा तो उनकी बेटी बेहोश पड़ी थी। होश में आने पर घटना के बारे में जानकारी दी। सीओ पूर्णिमा सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। संवाद