ऊंचागांव। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के मामले में कार्रवाई न होने से खफा पीड़िता ने आरोपी के घर पहुंचकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। गंभीर हालत में पीड़िता को जहांगीराबाद सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि मुकदमा दर्ज करने के बाद भी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की।
नरसेना थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने तीन माह पहले जहांगीराबाद क्षेत्र निवासी एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज करवाया था। युवती ने आरोप लगाया था कि आरोपी आर्मी में तैनात है और छुट्टियों पर आने के दौरान आरोपी ने औरंगाबाद, स्याना, बुलंदशहर समेत अन्य क्षेत्रों के होटल में लेकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जब आरोपी से शादी करने के लिए कहा कि आरोपी आनाकानी करने लगा। इसके बाद पीड़िता ने आरोपी के घर पहुंचकर परिजनों से बात की तो उन्होंने भी से भगा दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। मंगलवार को पीड़िता ने पुलिस पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई न करने का आरोप लगाया और आरोपी युवक के घर पहुंचकर जहरीला पदार्थ निगल लिया।