दीदार-ए-चांद के साथ सोमवार को मुकद्दस माह-ए-रमजान का आगाज हो गया। पाक माह-ए-रमजान के महीने को लेकर डीएम के आदेश पर नगर पालिका ने शहर की मुस्लिम बस्तियोें में सफाई अभियान चलाया। मुस्लिम धर्म गुरुओं ने डीएम से माकूल सफाई, सहरी और इफ्तार के समय पेयजल और बिजली आपूर्ति की मांग की है ।
सोमवार को मगरिब (देर शाम) की नमाज के बाद चांद का दीदार हुआ। चांद नजर आते ही शहर के अंसारी रोेड, चौक बाजार, सिविल लाइन रोड, मोतीबाग रोड, काला आम चौराहा, नरसल घाट, दिल्ली रोड, भूड़ और ऊपरकोट पर चहल-पहल बढ़ गई। रोजेदारों ने पहली सहरी के लिए दूध, ब्रेड, सेवई, खजूर और फल आदि खरीदे।
लोगों ने ड्राई फ्रूटस, जूस और मुरब्बा समेत फूड आइटमों की खरीदारी की। ख्वातीनों (महिला रोजेदार) ने भी बाजार में जरूरी सामान खरीदा। सोमवार शाम बाजार में जबरदस्त भीड़ रही।
चांद का दीदार होते ही शहर में आतिशबाजी शुरू हो गई।
जामा मस्जिद में सायरन बजाकर माह-ए-रमजान का इस्तकबाल किया गया और लोगों माइक से रमजान का आगाज होने की इत्तला दी। जिला प्रशासन के कर्मचारियों की निगरानी में काली नदी रोड, ऊपरकोट, इस्लामाबाद, नरसलघाट, स्याना रोड, बाईपास रोड पर सफाई अभियान चलाया गया।
चांद के दीदार के साथ तरावही के लिए अकीदतमंदों ने कमर कस ली। मजिस्दों में इशा की नमाज के बाद तरावीह पढ़ाई जाएगी। पहले रमजान में रोजेदारों को खुदा की रजा के लिए साढ़े 15 घंटा भूखा प्यासा रहकर खुदा की इबादत करनी होगी। चांद का दीदार होते ही डीएम शुभ्रा सक्सेना, स्याना विधायक दिलनवाज खां और सपा जिलाध्यक्ष दिनेश गुर्जर ने लोगों को मुकद्दस और पाक माह-ए-रमजान की मुबारकबाद दी है।
लापरवाही पर डीएम सख्त
रमजान में सरकारी अफसर और कर्मचारियों की लापरवाही पर डीएम ने सख्त रुख अपना लिया है। डीएम शुभ्रा सक्सेना ने पावर कारपोरेशन और नगर निकायों को बिजली पानी की माकूल सप्लाई का निर्देश दिया है। बिजली और पेयजल फॉल्ट पर तुरंत कार्रवाई का निर्देश डीएम ने अफसरों को दिए हैं।