मरम्मत का काम होने के कारण सुल्तानपुर गांव के पास रेलवे अंडरपास का रास्ता बंद होने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने रेलवे विभाग के खिलाफ हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची जंक्शन चौकी पुलिस के समझाने के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
जंक्शन क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव के लोग रेलवे अंडरपास से होकर गुजरते हैं। इस समय अंडरपास पर मरम्मत का कार्य चल रहा है। इसके चलते रास्ता बंद हो गया है। इसके चलते ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों की मानें तो अंडरपास के मरम्मत का काम कर रहे लोगों ने हमेशा के लिए रास्ता बंद किए जाने की बात कही। इसको लेकर ग्रामीण भड़क गए और हंगामा करना शुरू कर दिया। सूचना पर जंक्शन चौकी पुलिस पहुंच गई।
पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह लोगों को शांत कराया। पिंटू, नारायण सिंह, समय सिंह, सतवीर सिंह, छीतर, सुभाष और नंदू आदि मौजूद रहे।