खुर्जा। गांधी मार्ग पर शुक्रवार दोपहर को दो अलग-अलग महिलाओं के एक घंटे के अंदर पर्स चोरी हो गए। इसमें एक महिला ने 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
खुर्जा के एक मोहल्ला निवासी महिला ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वह अपनी बेटी के साथ गांधी मार्ग पर खरीदारी करने गई थी। जब वह जेवर अड्डा से पदम सिंह गेट की ओर जा रही थीं, तभी अचानक महिलाओं की भीड़ आई। आगे बढ़ने पर देखा तो थैले में पर्स नहीं था। पर्स में करीब 20 हजार रुपये नकदी थी। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी।
इससे एक घंटा पहले करीब साढ़े 11 बजे बाजार में ही दशहरा गांव निवासी महिला कपड़े की दुकान पर थी। जब उन्होंने दुकानदार को रुपये देने के लिए थैला खोला तो उसमें पर्स नहीं था। पर्स में नकदी और मोबाइल भी था। पीड़िता ने दुकानदार की मदद से परिजनों को जानकारी दी। सीओ खुर्जा पूर्णिमा सिंह ने बताया कि चोरी की घटना की जानकारी मिली है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक महिला चोरी करते हुए दिखाई दी है, जिसकी तलाश शुरू कर दी गई है।