खुर्जा। बिजली घर नंबर चार में फॉल्ट के कारण बुधवार को सात कॉलोनियों में 12 घंटे आपूर्ति ठप रही। ऐसे में उपभोक्ताओं को पानी की किल्लत का भी सामना करना पड़ा। वहीं घरों व दुकानों में लगे इन्वर्टर बैटरी भी ठप हो गए।
पहासू रोड निवासी संदीप ने बताया कि मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे अचानक बिजली गुल हो गई, जो सुबह तक नहीं आ सकी। आस-पास के लोगों से जानकारी ली तो बिजली घर नंबर से जुड़ी मुरारी नगर, पहासू अड्डा, ज्ञानलोक, महाराणा नगर, बड़ा मोहल्ला, राम सिंह का बाड़ा समेत सात कॉलोनी में बिजली गुल थी।
निगम के कर्मचारियों से फोन पर जानकारी ली तो उन्होंने बिजली घर के उपकरण में तकनीकी खराबी के कारण आपूर्ति बाधित बताई। ऐसे में बुधवार सुबह पानी की किल्लत भी बन गई। घरों में पानी नहीं होने के कारण रोजमर्रा के काम प्रभावित हो गए। दोपहर एक बजे तक आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी। एसडीओ नगर अविनाश चौधरी ने बताया कि बिजली घर नंबर चार के इंसुलेटर फाल्ट के चलते आपूर्ति ठप रही थी, जिसको ठीक कराते हुए आपूर्ति सुचारू करा दी गई है।