ऊंचागांव। कस्बा स्थित विद्युत उपकेंद्र से जुड़े करीब 25 गांवों में शनिवार रात से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण लोग परेशान रहे। वहीं, ऊर्जा निगम के एसडीओ ने बिजली सप्लाई प्रभावित होने की जानकारी से ही इनकार किया है। लोगों का कहना है कि अधिकारियों की लापरवाही के चलते आए दिन लोग परेशान रहते हैं लेकिन फोन करने पर बिजली कटौती की जानकारी न होने की बात कही जाती है।
ऊंचागांव उपकेंद्र से जुड़े गांव नरेंद्रपुर, नगला मदारीपुर, सौजना रानी, खंदोई, करयारी, अमरगढ़ सबदलपुर, शफीनगर, औरंगाबाद ताहरपुर, मडैया कला, मडैया खुर्द सहित अन्य गांवों में शनिवार रात करीब नौ बजे अचानक विद्युत आपूर्ति बंद हो गई। इसके बाद रविवार दोपहर करीब 2 बजे जाकर विद्युत आपूर्ति सुचारू हो पाई। 14 घंटे बिजली सप्लाई न होने के कारण मोबाइल चार्ज नहीं हो सके।
इन्वर्टर जवाब दे गए और घरों में पंखे-कूलर बंद होने से उमस और गर्मी से लोग बेहाल रहे। ग्रामीण रोबिन, राजपाल, रवि, मीरा वर्मा आदि ने बताया बिजली न होने से सबसे बड़ी समस्या पानी की हुई। घरों में पानी की टंकियां खाली हो गईं। डेयरी और पशुपालकों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा क्योंकि बिजली न होने से चारा मशीन और पानी की मोटरें नहीं चल पाईं। गांव के लोगों ने बताया कि कई बार शिकायत के बाद भी रात भर कोई कर्मचारी या अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। उपभोक्ताओं का कहना है कि गर्मी के मौसम में इस तरह 14 घंटे बिजली काट देना पूरी तरह लापरवाही है।
कोट -
बिजली सप्लाई क्यों प्रभावित रही, इसकी जानकारी नहीं है। लोगों की शिकायत के आधार पर कटौती का कारण पता लगाया जा रहा है। जल्द ही निर्बाध बिजली सप्लाई के लिए कदम उठाए जाएंगे। - प्रदीप कुमार, एसडीओ, ऊर्जा निगम