शिकारपुर स्थित डेयरी पर पनीर की जांच करते खाद्य विभाग के अधिकारी। स्रोत: विभाग
शिकारपुर। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रविवार को शिकारपुर स्थित पंजाबी डेयरी पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में पनीर जब्त किया। डेयरी में करीब 700 किलो पनीर का भंडारण मिला। टीम ने पनीर के विभिन्न सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
मुख्य खाद्य अधिकारी अनिल कुमार राय के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई डेयरी पर मिलावटी पनीर के भंडारण की सूचना मिलने पर की। छापे के दौरान डेयरी में रखे पनीर की गुणवत्ता, पैकिंग और लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई। अनिल कुमार राय ने बताया कि सैंपल को जांच के लिए लैब भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यदि पनीर में मिलावट या स्वास्थ्य के लिए हानिकारक रसायन पाए गए तो पूरा स्टॉक जब्त कर नष्ट कर दिया जाएगा। साथ ही डेयरी का फूड लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन निलंबित किया जाएगा। हानिकारक रसायनों के इस्तेमाल की पुष्टि होने पर संबंधित के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। विभाग ने व्यापारियों को चेतावनी दी है कि त्योहारों के मद्देनजर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर कड़ी नजर रखी जा रही है। किसी भी खाद्य पदार्थ में मिलावट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।