हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट से शहर समेत करीब आधे जिले की बिजली आपूर्ति गुल हो गई। लाइन ठीक करने में कारपोरेशन कर्मियों को करीब 12 घंटे का समय लग गया। दोपहर करीब 12 बजे बिजली आपूर्ति सुचारु की जा सकी।
शनिवार रात करीब 11.45 पर भूड़ ट्रांसमिशन केंद्र से आ रही हाईटेंशन लाइन का केबल बक्सा फट गया। इससे शहर के सबसे बड़े हाईडिल कॉलोनी बिजलीघर, अंसारी रोड बिजलीघर समेत जहांगीराबाद देहात, सहकारी नगर, शिवाली, औरंगाबाद, जाड़ौल आदि बिजलीघर क्षेत्रों की आपूर्ति ठप हो गई।
रविवार दोपहर करीब 12 बजे केबल बक्सा ठीक होने के बाद बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी। बिजली आपूर्ति ठप होने से शहर के अंसारी रोड, चौक बाजार, शेख सराय, अंबर सिनेमा रोड, जिला अस्पताल रोड, कचहरी रोड, सुनारों वाली गली, खुर्जा अड्डा रोड, साठा, दयालबाग, राधा नगर, शिकारपुर बाईपास, मोहनकुटी आदि क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति करीब 12 घंटे तक प्रभावित रही।
एक्सईएन बुलंदशहर डीसी शर्मा ने बताया कि हाइटेंशन लाइन में फॉल्ट के कारण बिजली आपूर्ति बाधित रही। रविवार दोपहर फॉल्ट को ठीक कर आपूर्ति को सुचारु कर दिया गया।
नगर के ऊपरकोट, राधा नगर, साठा, इस्लामाबाद, मामन आदि क्षेत्रों में बिजली चेकिंग अभियान चलाया गया।
हाईड्रिल कॉलोनी बिजलीघर के जेई मनोज सिंह ने बताया कि क्षेत्र में टीम के साथ बिजली चोरों और बकायेदारों के खिलाफ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 16 बकायेदार कनेक्शन काटने के बावूजद बिजली चलाते मिले। इसके अलावा बिजली चोरी में 19 के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।