प्रदूषित शहरों में जनपद शुमार, फिर भी कूड़ा जल रहा लगातार
खुर्जा। जंक्शन रोड स्थित नाले से होकर जा रहे बाईपास पर पड़ा कूड़ा पिछले एक माह से जल रहा है। रोजाना कूड़े से निकलने वाला धुआं शहर की हवा को जहरीला कर रहा है। धुएं के जहर से आसपास रहने वाले लोग प्रभावित हो रहे हैं। लोगों को बीमारी होने का डर सता रहा है। यह हाल तब है जब जनपद प्रदूषित शहरों में शुमार है। शिकायत के बाद भी अधिकारी लापरवाह बने हुए हैं।
जनपद का एक्यूआई चार सौ के पार पहुंचने के बाद भी खुर्जा नगर पालिका के अधिकारी गंभीर नहीं हैं। प्रदूषण रोकने को लेकर राज्य सरकारों को सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद भी खुले में रखे कूड़े को जलाने पर रोक नहीं लग पा रही है। नगर में आए दिन कूड़ा जलने का मामला सामने आ रहा है। कूड़े से निकलने वाला धुआं पूरे शहर को प्रदूषित कर रहा है। यही नहीं उधर से गुजर रहे लोगों को भी काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। धुएं के साथ उठने वाली बदबू के कारण लोगों को अपनी नाक बंद करके वहां से निकलना पड़ रहा है।
सड़कों के किनारे बन गए हैं अवैध डंपिंग ग्राउंड
शहर का कूड़ा एकत्रित करने के लिए कोई स्थाई डंपिंग ग्राउंड नहीं है। इसके कारण नगर की सड़कों के किनारे कूड़ा डालकर उसे अवैध डंपिंग ग्राउंड बना दिया गया है। नगर के मंदिर रोड, जंक्शन रोड, सिकंदराबाद रोड, मूड़ाखेड़ा रोड आदि कई स्थानों पर खुले में पड़ा कूड़ा भी प्रदूषण का कारण बन रहा है।
धुएं से हो सकती हैं यह बीमारियां
डॉ. दिनेश पाल सिंह छौंकर ने बताया कि धुएं के कारण ऑक्सीजन की मात्रा कम हो जाती है और कार्बन डाई ऑक्साइड बढ़ जाती है। इससे अस्थमा, सांस की बीमारी, आंखों में एलर्जी, एग्जिमा, मेमोरी लैप्स आदि बीमारियों के फैलने का खतरा रहता है।
बोले लोग
नगर में सफाई के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। आए दिन जगह-जगह पर कूड़ा जलने से धुआं फैलता रहता है। इससे प्रदूषण फैल रहा है।
- सुनील सोलंकी
जंक्शन रोड स्थित नाले से होकर जा रहे बाईपास पर रोजाना ही कूड़े में आग लगा दी जाती है। इससे उधर से निकलना मुश्किल हो जाता है।
- सचिन सैनी
जब भी कूड़े में आग आदि लग जाती है तो कर्मियों को भेजकर बुझवाया जाता है। अभी मामला संज्ञान में आया है, कर्मियों को मौके पर भेजा जा रहा है। आग लगाने वाले की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जेके आनंद, ईओ नगर पालिका खुर्जा
एक्यूआई मापने का यंत्र हुआ खराब, एक्यूआई बढ़ने की आशंका
बुलंदशहर। देश में बुधवार को बुलंदशहर सबसे प्रदूषित शहर रहा था। जिसके बाद जनपद की स्थिति बेहद खराब स्थिति में पहुंच गई थी। प्रदूषण मापने के लिए यमुनापुरम स्थित प्रदूषण विभाग के कार्यालय में प्रदूषण मापक यंत्र लगाया गया है। बृहस्पतिवार को वह यंत्र दिनभर नहीं चला। विशेषज्ञों ने बताया कि जनपद के वायु प्रदूषण को देखते हुए जिले का एक्यूआई 400 के करीब हो सकता है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी आशुतोष चौहान ने बताया कि प्रदूषण फैलाने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। निकाय क्षेत्र में कूड़ा जलाने वालों पर निकाय की टीम जुर्माना लगा रही है। बृहस्पतिवार को प्रदूषण मापक यंत्र नहीं चल पाने के चलते एक्यूआई को नहीं मापा जा सका।