गढ़ में जुम्मे की नमाज के दौरान मस्जिद के बाहर तैनात पुलिस। संवाद
- फोटो : mathura
गढ़मुक्तेश्वर। बरेली में हुए बवाल के बाद जुमे की नमाज को लेकर पुलिस सतर्क नजर आई। पुलिस कर्मियों ने मुस्लिम धर्म गुरुओं से बात कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। सीओ स्तुति सिंह ने पुलिस के साथ क्षेत्र में पैदल मार्च किया और लोगों से जुमे की नमाज शांति पूर्ण तरीके से अदा करने की अपील की। कोतवाली पुलिस के अलावा सिंभावली और बहादुरगढ़ पुलिस के जवानों को भी सुरक्षा के लिए तैनात किया गया। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन की मदद से निगरानी की गई।
आई लव मोहम्मद को लेकर पिछले जुमे को बरेली में जमकर बवाल हुआ था। ऐसे में गढ़ क्षेत्र की पुलिस भी जुमे को लेकर सुबह से ही अलर्ट नजर आई। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि मुस्लिम धर्मगुरुओं से बात की गई। उनसे कहा गया है कि किसी का भी ज्ञापन नहीं लिया जाएगा। किसी को भी जुलूस निकालने की अनुमति नहीं है। सुरक्षा के लिए थानों की पुलिस के अलावा पीएसी के जवान भी तैनात किए गए। मस्जिदों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए। पूरे इलाके की ड्रोन से निगरानी की गई। सर्किल के तीनों थानों की पुलिस ने नगर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में गश्त की और लोगों से वार्ता भी की। सभी को बताया गया कि यदि किसी ने माहौल खराब करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।