खुर्जा की भीम नगर कॉलोनी में घरों तक पानी सप्लाई ना होने के विरोध में प्रदर्शन करते लोग - संवाद
खुर्जा। क्षेत्र की भीम नगर कॉलोनी में दो साल पहले जलकल विभाग की ओर से पानी की पाइप लाइन बिछाई गई थी लेकिन अभी तक पानी की सप्लाई चालू नहीं हो सकी है। अभी भी लोगों को पानी के लिए हैंडपंप का सहारा लेना पड़ रहा है। परेशानी कॉलोनी वासियों ने बृहस्पतिवार को प्रदर्शन कर पानी सप्लाई चालू करने की मांग की।
कॉलोनी निवासी कैलाश गौतम ने बताया कि वर्ष 2021 को कॉलोनी में पानी की पाइप लाइन के लिए नगर पालिका की ओर से टेंडर जारी किया गया था। इसकी जिम्मेदारी जलकल विभाग को दी गई। इसमें जलकल विभाग की ओर से वर्ष 2022 में ही पानी की पानी की पाइप लाइन बिछा दी गई थी। लोगों को उम्मीद थी अब उनके घरों तक भी पानी पहुंच सकेगा लेकिन उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया।
आधे क्षेत्र में पाइपलाइन डालकर पंप का बोरिंग काम छोड़ दिया गया। ऐसे में पानी की सप्लाई शुरू नहीं हो सकी है। आरोप है कि काॅलोनी के लोगों ने नगर पालिका और एसडीएम कार्यालय में इसकी शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो सकी। इस दौरान लाखन, गीता, भागवत, गोविंदा, पवन, ममता, कुलदीप, संजय, अजय आदि मौजूद रहे।