औरंगाबाद में आटो चालक का शव मिलने के बाद मौके पर पुलिस और ग्रामीण। संवाद
औरंगाबाद। थाना क्षेत्र के गांव भंडोरिया निवासी होमगार्ड के बुधवार शाम से लापता पुत्र का शव उसी के ही खेत में बृहस्पतिवार को फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मृतक देर शाम गाजियाबाद जाने की बात कहकर घर से निकला था। हालांकि, मामले में अभी परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
थाना क्षेत्र के गांव भंडोरिया निवासी गंगाराम जाटव गुलावठी थाने में होमगार्ड के पद पर तैनात हैं। होमगार्ड का 27 वर्षीय पुत्र विकास गाजियाबाद में रहकर खुद का ऑटो चलाता था। परिजनों का कहना है कि उसकी पत्नी ने करीब पंद्रह दिन पहले पुत्री को जन्म दिया था। बुधवार शाम करीब पांच बजे विकास बैग लेकर गाजियाबाद जाने की बात कहकर मोबाइल घर छोड़कर ही निकल गया था। रात जब वह गाजियाबाद नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई तो परिजनों ने उसे आसपास तलाशना शुरू किया। लेकिन, विकास का कोई पता नहीं चल सका।बृहस्पतिवार को पिता गंगाराम खेतों की ओर गए तो वहां उन्हें पेड़ पर पुत्र विकास का शव लटका हुआ मिला। गांव पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को मामले की सूचना दी। बाद में परिजन औरंगाबाद थाने पर पहुंचे और पुलिस को घटना से अवगत कराया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को नीचे उतारकर जांच के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया। एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का सामने आ रहा है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।