विकास प्राधिकरण मान्यवर कांशीराम और डॉ. राम मनोहर लोहिया आवास के बाद अब जिले में पंडित दीनदयाल उपाध्याय आवास का निर्माण कराएगा। शासन ने प्राधिकरण के अफसरों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय आवास योजना के लिए जमीन तलाश करने के आदेश दिए हैं। योजना के तहत बेघर परिवारों को आवास दिए जाएंगे।
एक्सईएन बीडीए मणिकांत गुप्ता ने बताया कि जमीन की तलाश शुरू कर दी गई है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय शहरी आवास योजना में 28-30 वर्ग मीटर क्षेत्र में आवास बनाए जाएंगे। योजना बहुमंजिली होगी।
पार्क, पार्किंग और प्ले ग्राउंड की सुविधा मिलेगी। सीवरेज लाइन, रेन वाटर हार्वेंस्टिंग, पाइपलाइन से वाटर सप्लाई की भी समुचित व्यवस्था रहेगी। एक आवास के निर्माण पर आठ से दस लाख रुपये खर्च होने की उम्मीद है।
28 से 30 वर्ग मीटर के मकान में दो कमरे होंगे। किचन, शौचालय और बाथरूम भी बना होगा। इन आवासों में तीन चार सदस्यों का परिवार आराम से गुजर बसर कर सकेगा।
पात्रता की गाइडलाइन होगी जारी
लखनऊ में आयोजित बैठक में बताया गया है कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय आवास योजना के तहत बनाए जाने वाली टाउनशिप के लिए गाइडलाइन जल्द जारी की जाएगी। बीपीएल सूची से छूटे गरीबों को शासन नया कार्ड जारी करेगा। इस पर भी मीटिंग में चर्चा हुई। जिस व्यक्ति पर नया कार्ड होगा उसको भी योजना का पात्र माना जाएगा।