बुलंदशहर। घरेलू गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी न कराने वाले उपभोक्ताओं पर कार्रवाई शुरू हो गई है। जिले में बृहस्पतिवार को एक लाख से अधिक घरेलू गैस कनेक्शन ब्लॉक कर दिए गए हैं। इन कनेक्शनों पर अब ई-केवाईसी पूरी होने तक गैस सिलिंडर की बुकिंग और आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
जिला पूर्ति अधिकारी अभय सिंह ने बताया कि जिले में 91 गैस एजेंसियों के माध्यम से करीब 10 लाख घरेलू गैस कनेक्शन संचालित हैं। ई-केवाईसी अनिवार्य होने के बाद पूर्ति विभाग और गैस एजेंसियों ने उपभोक्ताओं को लगातार जानकारी दी थी। उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी कराने के लिए कई बार अवसर भी दिया गया था।
इसके लिए अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित की गई थी। निर्धारित समय तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले एक लाख से अधिक कनेक्शन ब्लॉक हुए हैं। अब संबंधित उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी पूरी कराने के बाद ही कनेक्शन का संचालन शुरू हो सकेगा।
कनेक्शन बहाली की प्रक्रिया
ई-केवाईसी न कराने के कारण जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन ब्लॉक हुए हैं, उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है। ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कराने के बाद कनेक्शन को नियमानुसार बहाल कराया जा सकेगा। अभय सिंह ने ऐसे उपभोक्ताओं से जल्द-से-जल्द संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क कर ई-केवाईसी पूरी कराने की अपील की है। जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन ब्लॉक हुए हैं, वे अब संबंधित एजेंसी से जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।