खुर्जा के बौरोली रोड पर फैली गंदगी पर निरीक्षण करने पहुंची नगर पालिका ईओ। संवाद
खुर्जा। क्षेत्र में बौरोली रोड पर सफाई अभियान के दौरान नगर पालिका अधिशासी अधिकारी पूजा श्रीवास्तव ने गोबर व गंदगी फैलाने वाले लोगों पर नोटिस भेज कार्रवाई करने की चेतावनी दी। चेतावनी पर सुधार न होने पर आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।
करीब दो किलोमीटर लंबे बौरोली रोड पर बारिश के बाद जलभराव हो गया है। गंदगी और कीचड़ के कारण पैदल चलना तो दूर वाहनों का निकलना भी बंद हो गया। सूचना मिलने पर बुधवार को नगर पालिका अधिशासी अधिकारी पूजा श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंच निरीक्षण किया और सफाई करवाई। ईओ ने बताया कि स्थानीय लोगों की मांग और विधायक के पत्र के बाद मार्ग की मरम्मत का कार्य व नवीनीकरण के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।
नाले का सर्वे करते हुए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कराई जा रहा है। इसके अलावा डेयरी संचालकों को चिन्हित कर लिया गया है और उनके समक्ष पड़े गोबर की जीपीएस फोटो ले ली गई है। जिन्हें पालिका की तरफ से एनजीटी के नियमों के तहत नोटिस दिया जाएगा। इसके अलावा क्षेत्र में अन्य जगह भी निरीक्षण किया जा रहा है। गंदगी मिलने पर नोटिस की कार्रवाई होगी।