बुलंदशहर। जिला अस्पताल परिसर स्थित 200 यूनिट क्षमता वाले ब्लड बैंक में इन दिनों निगेटिव ब्लड की कमी चल रही है। अपने मरीज को ब्लड न मिलने पर तीमारदार इधर से उधर भटकने को मजबूर रहे। ऐसे में तीमारदारों को निजी ब्लड बैंक का सहारा लेना पड़ा। वहीं, जिला अस्पताल में अभी तक ब्लड सेपरेशन यूनिट का संचालन शुरू नहीं हो पाया है।
जिला अस्पताल परिसर में ब्लड बैंक संचालित है। यहां पर 200 यूनिट ब्लड सुरक्षित रखने की सुविधा है। लेकिन इन दिनों 50 यूनिट के करीब ब्लड ही रखा है। इसमें भी निगेटिव ब्लड काफी समय से उपलब्ध नहीं है। इससे अक्सर मरीजों व उनके तीमारदारों को परेशान होना पड़ता है। मौजूदा समय में मंगलवार को निगेटिव का दो यूनिट ब्लड लोगों ने डोनेट किया। मंगलवार रात एबी निगेटिव ब्लड के लिए जरूरत पड़ने पर तीमारदार राजीव ब्लड बैंक पहुंचे। कहा कि पत्नी का ऑपरेशन होना है, ब्लड कम होने पर चिकित्सक ने ब्लड चढ़वाने के लिए कहा है। ब्लड बैंक में एबी निगेटिव का खून ही नहीं है। इसके लिए रिश्तेदारों से संपर्क करना पड़ रहा है। तीमारदार जितेंद्र ने बताया कि भाभी को ओ-निगेटिव ब्लड की जरूरत है, लेकिन ब्लड बैंक में ब्लड नहीं मिल सका। इसी प्रकार अन्य तीमारदारों ने भी ब्लड न मिलने की बात कही। वहीं, ब्लड सेपरेशन यूनिट का संचालन न होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संचालन शुरू हो तो एक यूनिट से चार लोगों को फायदा मिल सकेगा।
डोनर भेज बचवा रहे जान
राष्ट्र चेतना मिशन के अध्यक्ष हेमंत सिंह ने बताया कि प्रतिदिन ब्लड के लिए लोग फोन पर संपर्क करते रहते हैं। निगेटिव ब्लड ग्रुप की डिमांड अधिक आ रही है। जरूरतमंद को समय पर ब्लड उपलब्ध हो सके इसके लिए संबंधित के बताए स्थान के आसपास ब्लड डोनर भेजने का प्रयास रहता है। जिले के रक्तदाता गैर जनपद में भी जाकर रक्तदान कर रहे हैं।
ब्लड बैंक की यह है स्थिति
ब्लड ग्रुप का नाम - ब्लड बैंक में उपलब्धता
ए पॉजिटिव - 03
ए निगेटिव - 00
बी पॉजिटिव - 28
बी निगेटिव - 01
एबी पॉजिटिव - 01
एबी निगेटिव - 00
ओ पॉजिटिव - 16
ओ निगेटिव - 01
नोट : यह आंकड़ा जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में बुधवार सुबह का है।
कोट
ब्लड बैंक में आने वाले हर मरीज के लिए ब्लड उपलब्ध कराने का प्रयास रहता है। कुछ डोनर भी संपर्क में रहते हैं। जिनसे जरूरतमंद को ब्लड मिल सके। ब्लड सेपरेशन यूनिट के संचालन के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। - डॉ. प्रदीप राना, प्रभारी सीएमएस जिला अस्पताल