जिले में जर्जर हो चुके 242 परिषदीय स्कूलों के नए भवन बनेंगे। इससे पहले चिन्हित किए गए स्कूलों के भवनों को ध्वस्त किया जाएगा। नए भवन बनाने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
जिले में 1862 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें से विभाग की ओर से 242 स्कूल ऐसे चिन्हित किए गए हैं, जो जर्जर हाल में पहुंच गए हैं। इनकी सूची भी विभाग की ओर से तैयार कर ली गई है। इनमें अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को पास के दूसरे स्कूल में भेज दिया गया है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी डाॅ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि जर्जर हो चुके इन स्कूलों के भवनों को ध्वस्त करने की तैयारी की जा रही है। यह सूची शासन और विभाग को भेज दी गई है। वहां से इन सभी स्कूलों को ध्वस्त करने के निर्देश मिले हैं। इसके बाद इन स्थानों पर नए भवन के लिए प्रस्ताव भेजा जाए।
इसके साथ ही यहां पर बनने वाले नए भवन के लिए नक्शा तैयार किया जाएगा। नए भवन में कक्ष, बरामदा, चहारदीवारी, शौचालय आदि बनाए जाएंगे। इसके लिए विभाग के संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं।