बुलंदशहर। कोतवाली देहात क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती शादी से आठ दिन पहले प्रेमी व उसके सहयोगियों की मदद से घर से चली गई। परिजनों का आरोप है कि युवती आरोपियों के बहकावे में आकर घर से शादी के लिए एकत्रित किए गए सोने-चांदी के गहने समेत 1.78 लाख रुपये की नकदी भी ले गई है। पुलिस ने युवती के मामा की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि उनकी 18 वर्षीय भांजी बचपन से ही उनके साथ रहती है। उन्होंने बीते दिनों विवाह तय कर दिया था। 25 फरवरी को उसकी बरात आनी थी। 17 फरवरी को उनकी भांजी घर से ब्यूटी पार्लर जाने की बात कह कर निकली थी लेकिन देर शाम तक वह नहीं लौटी।
काफी खोजबीन करने पर पता चला कि उनकी भांजी को गांव निवासी युवक शनि अपने फुफेरे भाई अंकित और नितिन के साथ बहला फुसला कर ले गया है। पीड़ित ने जब घर जाकर देखा तो भांजी की शादी के लिए एकत्रित किए गए करीब दो लाख रुपये कीमत के गहने व 1.78 लाख रुपये की नकदी भी गायब थी। पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों समेत आरोपी शनि के पिता सतवीर के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसपी ऋजुल कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही युवती को बरामद कर लिया जाएगा।