10वीं के छात्र को घर से बाग में बुलाकर साथी ने मार डाला
स्याना। कोतवाली क्षेत्र के गांव चिंगरावठी निवासी कक्षा दस के छात्र की उसके स्कूल में ही पढ़ने साथी छात्र ने घर से बाग में बुलाकर हत्या कर दी। साथ ही आरोपी ने बाग से बाहर निकल कर लोगों के सामने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया है। हालांकि, मामले में देर शाम तक कोई तहरीर नहीं दी जा सकी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव चिंगरावठी निवासी 16 वर्षीय लक्ष्य स्याना के सनराइज स्कूल में कक्षा दस का छात्र था। बताया गया कि दो-तीन दिन पूर्व उसका स्कूल में ही दूसरी कक्षा के छात्र से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी विवाद के चलते आरोपी नाबालिग छात्र ने रविवार शाम लक्ष्य को किसी अन्य छात्र के माध्यम से उसके घर से वड्ढा वाजिदपुर स्थित आम के बाग में बुलाया। लक्ष्य भी भरोसे में आकर वहां पहुंच गया। बताया गया कि शाम करीब छह बजे आरोपी छात्र ने लक्ष्य के सिर पर लोहे की रॉड से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी छात्र वारदात के बाद बाग से बाहर निकला और लोगों को बाग में लक्ष्य की हत्या करने की बात बताई। जिसके बाद लोगों ने उसे पकड़ लिया। साथ ही पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसपी सिटी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया गया है।