क्षेत्रीय विधायक गुड्डू पंडित ने कहा कि नगर में बनने जा रहे सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का पानी गंगा नदी में नहीं गिरने दिया जाएगा। स्थानीय लोगों के विरोध पर विधायक ने जल निगम अधिकारियों को इसकी व्यवस्था के निर्देश दिए।
एक बालिका की शिकायत पर विधायक ने विद्युत विभाग के अफसरों को जमकर फटकार लगाई।
सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ लगाए गए कैंप में विधायक गुड्डू पंडित के समक्ष राजकीय कन्या इंटर कॉलेज जयरामपुर की दर्जनों छात्राओं की टीसी नहीं मिलने, त्रुटि पूर्ण विद्युत बिलों और विधवा, विकलांग, वृद्धा व समाजवादी पेंशन योजना से वंचित सैकड़ों पात्रों ने प्रार्थना पत्र दिए।
नगर पंचायत, खाद्य आपूर्ति, ब्लॉक तहसील आदि समस्याओं पर विधायक ने शीघ्र कार्रवाई के लिए कैंप में मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया।
बहोरीलाल शर्मा के नेतृत्व में लोगों ने नगर में चल रहे सीवर लाइन के कार्य में निर्माणाधीन ट्रीटमेंट प्लांट का पानी गंगा नदी में डाले जाने की योजना का विरोध किया।
जिस पर विधायक ने लोगों को भरोसा दिलाया कि गंदा पानी गंगा नदी में नहीं डाला जाएगा। नई बस्ती निवासी बालिका राखी ने मोहल्ले में पावर कारपोरेशन के अधिकारियों की लापरवाही और विद्युत बिलों की समस्या विधायक के समक्ष रखी।
जिस पर गुड्डू पंडित ने कारपोरेशन के जेई को फटकार लगाई और एक सप्ताह के अंदर विद्युत कैंप लगाकर समस्याओं का निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
इस मौके पर प्रेमचंद शर्मा, बहोरीलाल शर्मा, डा.मुकेश बाबू यादव, जयंती प्रसाद शर्मा, संजय यादव, संजय शर्मा, गुड्डू वशिष्ठ, सोनू उपाध्याय, विनोद भारद्वाज आदि रहे।