राजकीय इंटर कॉलेज में शनिवार को राजकीय शिक्षक संघ का जनपद स्तरीय अधिवेशन हुआ। इसमें लंबित मांगों को लेकर मंथन किया गया। अधिवेशन में जनपद भर के सभी राजकीय विद्यालयों के शिक्षकों ने भागीदारी की।
अधिवेशन के मुख्यातिथि एडीआईओएस शंकर लाल रहे जबकि अध्यक्ष संघ के प्रांतीय अध्यख सुनील कुमार भड़ाना रहे। विशिष्ठ अतिथि के रूप में प्रांतीय उपाध्यक्ष रनजीत सिंह और मंडलीय अध्यक्ष विपिन भारद्वाज रहे।
अधिवेशन के संयोजक जिलाध्यक्ष जगपाल सिंह तथा सह संयोजक जनपदीय मंत्री वीरेंद्र सिंह यादव रहे। जिलाध्यक्ष जगपाल सिंह ने बताया कि अधिवेशन में लंबित मांगों को लेकर मंथन करते हुए आगामी रणनीति बनाई गई।
राजकीय अध्यापकों की दस सूत्रीय मांगों का ज्ञापन प्रांतीय अध्यक्ष सुनील भड़ाना को सौंपा। उन्होंने बताया कि संघ की प्रमुख मांग राजकीय शिक्षकों की वरिष्ठता सूची ऑनलाइन करने तथा सेवानिवृत्ति की आयु 60 से बढ़ाकर 62 वर्ष करने की है।
पदोन्नति कोटा पूरा किया जाए। राजकीय शिक्षकों को एसीपी का लाभ दिया जाए। पीएचडी शिक्षक-शिक्षिकाओं को महाविद्यालय में जाने का अवसर दिया जाए आदि मांग शामिल हैं।