ऊंचागांव। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के गांव पूठा के जंगल में बृहस्पतिवार शाम राजमिस्त्री लहूलुहान हालत में ग्रामीणों ने देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जहां, उनकी मौत हो गई। परिजन व ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं। लेकिन, अभी तक कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है।
जहांगीराबाद क्षेत्र के गांव अमरगढ़ निवासी 38 वर्षीय पप्पू सिंह राजमिस्त्री का काम करते हैं। बृहस्पतिवार को ऊंचागांव में निर्माणाधीन मकान के लिए पटिया खरीदवाने के लिए जहांगीराबाद गए थे। शाम करीब पांच बजे राजमिस्त्री खून से लथपथ हालत में गांव पूठा के जंगल में ट्यूबवेल पर मिले। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जहांगीराबाद सीएचसी में भर्ती कराया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस देर शाम तक मृतक के परिजनों को सड़क दुर्घटना में घायल होने की जानकारी देकर गुमराह करती रही। इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि गांव पूठा के जंगल में मिले घायल युवक की मौत हो चुकी है। जिसकी पहचान राजमिस्त्री पप्पू सिंह के रूप में की गई है। अभी तक कोई तहरीर परिजनों की ओर से नहीं दी गई है। जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।