बुलंदशहर। लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने के उद्देश्य से अवैध रूप से रुपये के आदान-प्रदान पर नियंत्रण के लिए जनपद में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार देर शाम थाना कोतवाली नगर पुलिस ने डीएम रोड पर एसएसपी आवास के निकट बैरियर लगाकर चेकिंग की। नगर कोतवाल ने बताया कि इस दौरान पुलिस ने एक गाड़ी को रोक कर तलाशी ली तो उसमें सवार सिकंदराबाद के बाजार माधोदास निवासी भव्य कुमार के पास से नौ लाख रुपये कैश बरामद हुआ। इस रकम के बारे में वह कोई ब्योरा उपलब्ध नहीं करा सके। जिसके बाद उनकी रकम को पुलिस ने ट्रेजरी भिजवा दिया और आयकर विभाग को सूचित कर दिया। इसके अलावा मेरठ के गंगानगर सिखेड़ा रोड स्थित साईं रेजीडेंसी निवासी लोकेश कुमार की कार की भी तलाशी ली गई। उनकी कार से भी टीम ने पांच लाख रुपये कैश बरामद किया है। वह भी रकम का ब्योरा उपलब्ध नहीं करा सके। उनकी राशि को भी ट्रेजरी भिजवा दिया गया है। संवाद