आरती महाराजा अग्रसेन शोभायात्रा का शुभारंभ करते अतिथि
सिकंदराबाद। श्री महाराजा अग्रसेन सेवा समिति के तत्वावधान में महाराजा अग्रसेन का जन्मोत्सव समारोह आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की शृंखला में रविवार को महाराजा अग्रसेन की भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
शोभा यात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल और विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने संयुक्त रूप से भगवान श्रीगणेश की आरती करके किया। शोभायात्रा दनकौर तिराहे स्थित चेंबर की धर्मशाला से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। शोभायात्रा में महाराजा अग्रसेन की श्वेत अश्वों युक्त राजशाही बग्गी की सवारी, कुलदेवी माता महालक्ष्मी समेत अन्य झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रही । शोभायात्रा में सिंधी हीरा बैंड दिल्ली, संकीर्तन मंडली, शहनाई आदि भी शामिल रही। इस दौरान पुलिस की व्यवस्था चाक चौबंद रही। इससे पहले चेंबर की धर्मशाला में अतिथियों और समाज के लोगों का पगड़ी बांधकर सम्मान किया गया। शोभायात्रा में मोहनलाल गोयल, शिव प्रकाश काका, अशोक सिंघल, ऊषा बंसल, रामकुमार गुप्ता, संजय बंसल, नवीन कुमार सिंघल, डॉ. विपिन गर्ग, नवीन गुप्ता, आकाश लाला, राजेश अग्रवाल, तरुण अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।