लगातार पड़ रहे कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार धीमी कर दी है। लेट लतीफी के चलते शनिवार को दिल्ली हावड़ा मार्ग पर चलने वाली लिच्छवी और इलाहाबाद से मेरठ जाने वाली संगम एक्सप्रेस को रेलवे ने रद्द कर दिया है। इसके अलावा आधा दर्जन से ज्यादा ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देरी से चल रही है।
इससे यात्रियों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। कोहरे के कारण पिछले तीन दिनों से घंटों लेट चल रही सीतामढ़ी से आनंदविहार जाने वाली लिच्छवी एक्सप्रेस और इलाहाबाद से मेरठ जाने वाली संगम एक्सप्रेस को रेलवे ने रद्द कर दिया है।
ट्रेनों के रद्द होने की जानकारी न होने पर स्टेशन पर पहुंचे यात्री इंतजार करने के बाद मायूस होकर लौट गए। इसके अलावा कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे लेट चल रही है। ऊंचाहार 16 घंटे, फरक्का 18 घंटे, महानंदा 22 घंटे और डिब्रूगढ़ 16 घंटे देरी से चल रही है।
इसके चलते घंटों तक भूखे प्यासे रहकर सफर तय करना पड़ रहा है। स्टेशन अधीक्षक पीके गुप्ता ने बताया कि कोहरे के कारण सिगनल न दिखने के कारण समस्या आ रही है।
ट्रैक पर काम के चलते अलीगढ़ पलवल दो दिन रद्द
साहिबाबाद और पलवल के बीच ट्रैक पर काम होने के कारण शनिवार को अलीगढ़-पलवल अपडाउन पैसेंजर ट्रेन को रद्द कर दिया है। इससे शनिवार को पहुंचे यात्री ट्रेन न मिलने से परेशान हो गए। सफर तय करने के लिए उन्होंने बस तथा अन्य दूसरी ट्रेनों का सहारा लिया।