स्टेट हाईवे 235 पर बराल गांव के पास कोहरे के चलते दूध के टैंकर ने बाइक सवार राजमिस्त्री को रौंद डाला। उसकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, छपरावत के पास बस ने वैन को टक्कर मार दी। इसमें वैन सवार सात लोग घायल हो गए। घायलों को मेरठ रेफर किया गया है।
पहला हादसा सुबह करीब साढे़ छह बजे बराल के पास हुआ। कोतवाली देहात के जैनपुर निवासी राजमिस्त्री विमल (19) पुत्र मदनलाल बाइक से योगेश पुत्र हरीशचंद निवासी जैनपुर के साथ बुलंदशहर जा रहे थे। बराल के पास सामने से दूध से भरे टैंकर ने बाइक को टक्कर मार दी।
जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। विमल ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। उसके चाचा प्रहलाद सिंह ने टैंकर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई । पुलिस ने टैंकर को कब्जे में ले लिया है। चालक फरार है।
उधर, रोडवेज की अनुबंधित बस गुलावठी से बुलंदशहर की ओर जा रही थी। छपरावत के पास कोहरे के कारण बस व वैन में टक्कर हो गई। हादसे में वैन क्षतिग्रस्त हो गई तथा वैन में सवार 7 लोग घायल हो गए। घायलों में अरविंद, आकाश निवासी खुर्जा, मौहम्मद अली, हमीद रहमान, नूर अहमद निवासी पश्चिम बंगाल समेत सात लोग शामिल हैं। घायलों को मेरठ रेफर किया गया है।
बाल-बाल बचा मासूम
दनकौर तिराहे पर साइकिल से सड़क पार कर रहा मासूम टैंकर की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। शनिवार को हीराकालोनी निवासी पप्पू पुत्र दीपांशु साइकिल से बाजार से लौट रहा था। तभी दनकौर तिराहे पार यह घटना हुई।
अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को मारी टक्कर
वहीं ककोड़ कोतवाली क्षेत्र में दस्तूरा मोड़ पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को रौंद दिया। इसमें खुर्जा निवासी अयूब खां पुत्र बुंदू खां गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अयूब के परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने अयूब को अस्पताल में भर्ती कराया।
अनियंत्रित कार पेड़ से टकराई, पांच घायल
थाना देहात क्षेत्र स्थित सिकंदराबाद मार्ग पर कोहरे में न दिखाई देने के कारण सवारियों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। कार सवार महिला को बुलंदशहर रेफर किया गया है।
शनिवार सुबह करीब छह बजे गाजियाबाद निवासी विजेंद्र सिंह अपने परिवार के साथ अलीगढ़ जा रहे थे। सिकंदराबाद मार्ग पर रूपवास पंचगाई गांव के पास कोहरा अधिक होने से उनकी कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में विजेंद्र सिंह, पत्नी शीला, पुत्र मोहित, मनोज और दोस्त सोनू घायल हो गए। शीला को बुलंदशहर रेफर किया गया है।