रास्तों में सज गए पंडाल, भोले की हो रही जयकार
बुलंदशहर। मान्यता है कि महाशिवरात्रि पर कांवड़ लाने पर भगवान भोलेनाथ भक्तों की मनोकामना पूरी करते हैं। मनोकामना पूरी करने के लिए कांवड़ लेकर आने वालों की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। रविवार को जिले का हर मार्ग भगवान शिव के रंग में रंगा नजर आया। मार्ग पर शिवभक्त कांवड़ लेकर अपनी मंजिल की ओर बढ़ते रहे। शिवभक्तों की सेवा के लिए जगह-जगह शिविर लगे हैं तो मंदिरों में भंडारे चल रहे हैं।
फाल्गुन मास की महाशिवरात्रि एक मार्च को है। करीब दो साल बाद कोरोना संक्रमण का असर कम होने व मौसम में भी काफी परिवर्तन होने के चलते इस बार जिले से काफी संख्या में शिवभक्त गंगाजल और कांवड़ लेने के लिए पिछले कई दिन पूर्व हरिद्वार रवाना हुए। वहां से गंगाजल और कांवड़ लेकर पैदल अपने गंतव्य को लौटने लगे हैं। शिवभक्तों के जत्थे के रुप में लौटने से जिलेभर का वातावरण शिवमय बना हुआ है। जिले से होकर अन्य जनपद और राज्यों के शिवभक्त गंगाजल कांवड़ में रखकर अपने गंतव्यों की तरफ प्रस्थान कर चुके हैं। रविवार को हाईवे समेत प्रमुख मार्गों पर हर ओर शिवभक्तों की कतार देखने को मिली।
मांस और मदिरा की दुकानें बंद रखने की मांग
महाशिवरात्रि पर भाकियू संपूर्ण भारत के प्रदेश अध्यक्ष पवन तेवतिया ने मंदिरों पर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था के साथ ही शराब और मांस की दुकानें बंद रखने की मांग की है। इसके संबंध में डीएम और एसएसपी को एक पत्र भेजा है। प्रदेश अध्यक्ष पवन तेवतिया ने बताया कि महाशिवरात्रि पर हरिद्वार, गौमुख और अन्य गंगाघाटों से शिवभक्त गंगाजल व कांवड़ लेकर आते हैं और शिवालयों पर जलाभिषेक करते हैं। शिवभक्तों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी मंदिरों पर पुलिसबल तैनात किया जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए शिवालयों वाले मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन रोका जाए। वहीं, शिवालयों वाले मार्ग पर मांस और मदिरा की दुकानों को बंद रखा जाए।
गुलावठी में शिवमय होने लगा हाईवे
गुलावठी। बम बम भोले के जयकारों के साथ कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटने शुरू हो गए है। जिसके कारण गुलावठी में हाईवे का वातावरण शिवमय हो गया है।
रविवार को अलीगढ़ क्षेत्र निवासी सैकड़ों कांवड़िए गुजरे। कुछ कांवड़ियों के पैरों में छाले पड़े हुए थे, परंतु वह बम बम भोले के जयकारों के साथ आगे बढ़ रहे थे। कुछ कांवड़िए अपने कांवड़ पर तिरंगा लगाकर चल रहे थे। उधर, कांवड़ियों की सेवार्थ मंदिर में सेवा शिविर लगाया गया है। मंदिर समिति के सचिव पुरूषौत्तम चौधरी, प्रदीप शर्मा सहित अनेक श्रद्धालु कांवड़ियों की सेवा में लगे हुए हैं। महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर मंदिर परिसर की साफ सफाई की गई है। कांवड़ियों के कांवड़ के लिए सुरक्षित स्थान बनाया गया है।