ककोड़ को जल्द ही विकास खंड (ब्लॉक) का दर्जा मिलने वाला है। डीएम के आदेश पर चेयरमैन ककोड़ ने प्रशासन को विकास खंड दफ्तर के लिए 2280 वर्ग मीटर जमीन आवंटित कर दी है। अब जल्द ही जिले में विकास खंडों की संख्या 17 हो जाएगी। सूत्रों के मुताबिक विधानसभा चुनाव से पूर्व ककोड़ को ब्लॉक की सौगात मिल जाएगी।
ककोड़ को ब्लॉक का दर्जा मिलने पर स्थानीय लोगों को काम के लिए सिकंदराबाद की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। अभी वहां के लोगों को विकास कार्य, पेंशन और शिकायत आदि मसलों को सुलझाने के लिए सिकंदराबाद बीडीओ दफ्तर आना जाना पड़ता है। बता दें कि विधायक बिमला सिंह सोलंकी ने विधानसभा में वर्ष-2012 और वर्ष 2013 में ककोड़ को विकास खंड बनाने का मुद्दा विधानसभा में उठाया था। विधायक की मांग पर शासन ने डीएम से रिपोर्ट मांगी। प्रशासन ने सर्वेक्षण कराने के बाद रिपोर्ट शासन को भेज दी है। शासन का सकारात्मक रुख देख विकास खंड दफ्तर के लिए 2280 वर्ग मीटर भूमि आवंटित कर दी गई है।
45 गांव होंगे शामिल
ककोड़ ब्लॉक में 45 ग्राम पंचायत शामिल की जाएगी। गांवों की सूची भी शासन को भेज दी गई है। ब्लॉक बनने से क्षेत्र के करीब एक लाख लोगों को दौड़ धूप से राहत मिलेगी।
...
शासन की ओर से हरी झंडी मिलने के बाद निर्माण शुरू हो जाएगा। इससे क्षेत्र की आबादी को लाभ होगा। - कुंवर रिजवान, चेयरमैन ककोड़
ब्लॉक खंड दफ्तर के लिए ककोड़ में जमीन चिन्हित कर ली गई है। शासन से आदेश मिलने के बाद कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। - शुभ्रा सक्सेना, डीएम, बुलंदशहर