बुलंदशहर। आरक्षण को लेकर जाट समाज सोमवार को सड़कों पर उतर आया और शहर जाम कर दिया। जाटों ने मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मानव श्रंखला बनाकर विरोध जताया। इसके बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
संयुक्त जाट आरक्षण समिति के बैनर तले जाट समाज ने ओबीसी में आरक्षण की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पेंद्र चौधरी ने कहा कि जाट बिरादरी पिछले 20 सालों से ओबीसी वर्ग में आरक्षण को संघर्षरत है।
अन्य कई बिरादरियों को 1993 से ही ओबीसी में शामिल कर आरक्षण की सुविधाएं दी जा रही हैं। भाजपा ने वादे पूरे नहीं किए हैं। गन्ने का भुगतान नहीं कराया है। जाट समाज किसान बिरादरी है और सामाजिक-शैक्षणिक रूप से पिछड़े हुए हैं।
रालोद जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी ने कहा कि जाट ओबीसी में शामिल होने के लिए सभी मानकों को पूरा करते हैं। आरक्षण की मांग को लेकर नगर में जुलूस निकाला। कालाआम पर जाम लगा दिया। केंद्र सरकार और नरेंद्र मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
समिति पदाकारियों ने आरपार की लड़ाई का एलान कर दिया है। मानव श्रंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस मौके पर मीर सिंह चौधरी, कुंवरवीर चौधरी, सुधीर चौधरी, बिजेन्द्र सिंह, संजीव लाकड़ा, नवीन चौधरी, पंकज चौधरी, शिवराम चौधरी, मुनेश चौधरी, अशोक चौधरी, नवीश राजौरा आदि रहे।
जाटों का यह आक्रोश विधानसभा चुनाव में दिखा तो भाजपा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। अनूपशहर, शिकारपुर, स्याना, सिकंदराबाद आदि विधानसभा सीटों पर जाट समुदाय चुनावी गणित बिगाड़ सकता है।
कालाआम पर दिनभर जाम
जाट आरक्षण समिति के विरोध प्रदर्शन और कालाआम पर नाला निर्माण के कारण दिनभर जाम लगा रहा। ट्रैफिक पुलिस के जाम खुलवाने में पसीने छूट गए। कालाआम चौराहे पर जाम के कारण डीएम रोड, पुलिस लाइन रोड, भूड़ रोड, मोतीबाग रोड, जिला अस्पताल रोड, कचहरी रोड, लल्ला बाबू रोड, अंसारी रोड आदि पर जाम की स्थिति बनी रही।