खेल में भविष्य तलाश रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। अब खेल की प्रैक्टिस के लिए युवाओं को दूसरे शहरों का रुख नहीं करना होगा। दरअसल, अरनिया और लखावटी ब्लाक में 61 करोड़ की लागत से स्टेडियम बनाए जाएंगे। यह स्टेडियम खेलो इंडिया योजना के तहत केंद्र सरकार बनवाएगी। इसके लिए डीएम से डीपीआर मांगी गई है।
डीएम की अध्यक्षता वाली जिला अनुश्रवण कमेटी को डीपीआर बनाने की जिम्मेदारी युवा कल्याण विभाग के डायरेक्टर जनरल (डीजी) ने सौंपी है। स्टेडियम में स्वीमिंग पुल, सिंथेटिक एथलीट ट्रैक, सिंथेटिक हॉकी फील्ड, फुट बॉल ग्राउंड और मल्टीपरपज हॉल का निर्माण होगा।
फिलहाल युवा कल्याण विभाग के अरनिया और लखावटी ब्लॉक में स्टेडियम के नाम पर उबड़-खाबड़ जमीन है। खेलो इंडिया योजना का लाभ ग्रामीण अंचल के युवाओं को मिलेगा। एक स्टेडियम पर 30.50 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
इस हिसाब से दोनों स्टेडियमों को व्यवस्थित करने में सरकार 61 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इस संबंध में बुधवार को युवा कल्याण विभाग के डीजी का आदेश डीएम को मिल गया। डीएम ने आदेश की कॉपी युवा कल्याण विभाग श्रीनिवास को भेज दी।