नगर पालिका परिसर में बोर्ड बैठक लेती चेयर पर्सन इंद्रा सैनी व ईओ।
- फोटो : अमर उजाला
छह माह बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सोमवार को हुई पालिका की बोर्ड बैठक हंगामे के भेंट चढ़ गई। इस दौरान केवल दो प्रस्ताव ही पास हो पाए। बोर्ड बैठक के दौरान तहसीलदार पालिका परिसर में मौजूद रहे।
सोमवार पालिका के मीटिंग हॉल में बोर्ड बैठक आयोजित की गई। 6 माह बाद आयोजित बोर्ड बैठक में सभासदों ने पालिका पर पूर्व में पास प्रस्तावों को पूरा नहीं कराने और मनमर्जी का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। करीब एक घंटा चली बोर्ड बैठक में हंगामे के बीच 133 प्रस्तावों में से केवल दो ही प्रस्ताव पास हो सके।
दो प्रस्तावों को निरस्त कर दिया गया। जबकि बाकी प्रस्ताव विचाराधीन है। तहसीलदार इंद्र नंदनसेन का कहना है कि ईओ ने बोर्ड बैठक में हंगामे की आशंका व्यक्त करते हुए एसडीएम से सुरक्षा की मांग की थी।
गेहूं क्रय केंद्र का किया निरीक्षण
जिला खाद्य विपणन अधिकारी अविनाश चंद सजरवाल एवं क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी वेदप्रकाश ने सोमवार को स्थानीय नवीन मंडी स्थल पर क्षेत्रीय खाद्य नियंत्रक के गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण किया।
दोनों अधिकारियों ने खरीद रजिस्टर की जांच की तथा कांटे पर तौल भी देखी। केंद्र प्रभारी एसएमआई राजेश पांडेय ने अधिकारियों को जानकारी दी कि सोमवार तक करीब छह हजार कुंतल गेहूं की खरीद हुई है।
गंदगी फैलाने पर 16 दुकानदारों को नोटिस
सड़कों पर गंदगी फैलाने पर नगर पालिका प्रशासन ने 16 दुकानदारों को नोटिस जारी किया है। सफाई को लेकर पालिका की ओर से पहली बार ऐसी कार्रवाई की गई है। ईओ नगर पालिका एके सिंह ने बताया कि डिप्टी गंज लाल तालाब स्थित बाजार का निरीक्षण किया गया। बाजार में जगह जगह गंदगी मिली। दुकानदारों को दुकान के बाहर डस्ट बिन रखने की हिदायत दी है।