गेहूं खरीद प्रक्रिया को एक माह बीतने के बाद भी प्रशासन ना घटतौली रोक पाया है और न ही गेहूं को भीगने से बचा पाया। शनिवार शाम सिकंदराबाद में गेहूं भीगा तो रविवार रात आई बारिश में औरंगाबाद में 400 से अधिक गेहूं के बोरे भीग गए। अफसर कार्रवाई के नाम पर ठेकेदारों और केंद्र प्रबंधकों को सिर्फ चेतावनी देकर इतिश्री कर ले रहे हैं।
औरंगाबाद की नवीन अनाज मंडी स्थित पीसीएफ क्रय केंद्र पर खुले में रखा करीब 400 बोरा गेहूं देर रात बारिश के चलते भीग गया। यहां गेहूं को सुरक्षित रखने के लिए कोई इंतजाम नहीं थे। ऐसे में सोमवार को केंद्र के कर्मचारी भीगे हुए गेहूं को धूप में सुखाते नजर आए। इस संबंध में केंद्र प्रबंधक ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
जिला विपणन अधिकारी अवनीश चंद ने बताया कि केंद्र प्रबंधक गेहूं भीगने की जानकारी नहीं दे रहे हैं। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। जिला विपणन अधिकारी अवनीश चंद ने बताया कि मंगलवार को केंद्र पर जाकर निरीक्षण किया जाएगा। साथ ही खुर्जा में किसानों को भुगतान में दिक्कतें आ रही हैं। उन्हें भी देखा जाएगा।