नगर पालिका खुर्जा और सिकंदराबाद में इस बार शायद ही निकाय चुनाव सम्पन्न हो सकें। दोनों निकायों में परिसिमन बढ़ाने का प्रस्ताव जिला प्रशासन ने शासन को भेज दिया है। अब नए परिसिमन के बाद ही दोनों निकायों में चुनाव संपन्न होगा। साथ ही दोनों निकायों में सभासदों की संख्या भी बढ़ जाएगी।
खुर्जा नगर पालिका क्षेत्र की सीमा वर्तमान में महज दो किलोमीटर है, जबकि नगरीय क्षेत्र का दायरा छह किलोमीटर का हो चुका है। इसके साथ ही सिकंदराबाद नगर पालिका क्षेत्र का दायरा महज डेढ़ किलोमीटर है, जो अब आठ किलोमीटर तक फैल चुका है। दोनों नगर निकायों का सीमा क्षेत्र बढ़ाने के लिए शासन को जिला प्रशासन की तरफ से प्रस्ताव भेज दिया गया है।
ऐसे में अब दोनों जगह निकाय चुनाव नए परिसिमन के तय होने के बाद ही हो सकेगा। इस कार्य में काफी समय लग सकता है, जिसके कारण दोना निकाय में 2017 नगर पंचायत चुनाव नहीं हो सकेंगे। दोनों नगर निकायों में सभासदों की संख्या भी बढ़ेगी। बताया जा रहा है कि सिकंदराबाद और खुर्जा पालिका में पंचायत चुनाव वर्ष 2022 में ही नए परिसिमन के साथ कराया जा सकता है।
जिला प्रशासन संभालेगा कार्य
शासन को भेजे गए प्रस्ताव को यदि अमल में लिया गया तो इस बार नगर पंचायत चुनाव संभव नहीं हो पाएगा। दोनों जगह चुनाव नए परिसिमन के बाद ही कराया जा सकेगा, जिसमें कम से कम तीन से पांच वर्ष का समय लगेगा। नगर निकायों की जिम्मेदारी जिला प्रशासन संभालेगा।
बोले ईओ
शासन को खुर्जा और सिकंदराबाद नगर पालिका के बढ़े हुए क्षेत्र का प्रस्ताव भेज दिया गया है। अब अगला चुनाव नए परिसिमन के तहत हो सकेगा। ऐसे में इस बार निकाय चुनाव होना काफी मुश्किल होगा।
- एके सिंह, ईओ, खुर्जा-सिकंदराबाद