सिकंदराबाद में बृहस्पतिवार को अतिक्रमण हटवाते कोतवाल जितेंद्र कुमार।
- फोटो : ब्यूरो
अवैध कॉलोनियों और बिना नक्शा स्वीकृत कराए भवन निर्माण करवा रहे लोगाें के खिलाफ बुलंदशहर विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को भी बीडीए ने दो अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त करवाया। साथ ही एआरटीओ दफ्तर से भी अतिक्रमण हटवाया गया।
बीडीए द्वारा भूड़ चौराहे से मेरठ मार्ग पर अवैध कॉलोनियों में अभियान चलाया गया। बीडीए की कार्रवाई से अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया। भूड़ चौराहे के पास बन रही अवैध कॉलोनियों को बीडीए ने पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
इसके अलावा भूड़ चौराहे के पास ही निर्माणधीन बिल्डिंग को सील कर दिया गया। इसके बाद बीडीए अफसरों ने एआरटीओ दफ्तर के बाहर अवैध तरीके से फड़ लगाने वाले कमीशन एजेंटों के खिलाफ भी कार्रवाई की। बीडीए सचिव शैलेंद्र चौधरी ने बताया कि अवैध कॉलोनियों और अस्वीकृत बिल्डिंगों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
पुलिस ने बाजारों से हटवाया अतिक्रमण
बृहस्पतिवार को पुलिस ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर बाजारों से अतिक्रमण हटवाया। बृहस्पतिवार को कोतवाल जितेंद्र कुमार ने पुलिस टीम के साथ नगर के जीटी रोड, विजयद्वार, चौधरीवाडा, बड़ा बाजार, सब्जी मंडी, काजीवाडा आदि में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर बाजारों से अतिक्रमण हटवाया। इस दौरान पुलिस ने दोबारा से अतिक्रमण करने वालों को कार्रवाई की चेतावनी दी।