मोहल्ला खाकरोबान (वाल्मीकि बस्ती) निवासी सचिन की शादी करीब 15 वर्ष पूर्व दिल्ली निवासी मंजू (36) के साथ हुई थी। दोनों पति-पत्नी अपनी तीन बेटियों के साथ परिवार से अलग रहते थे। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि सचिन ने अपनी पत्नी के गले पर ब्लेड से वार कर दिया। खून निकलने पर उसने गला दबाकर हत्या कर दी।
मोहल्ले के लोगों के मुताबिक पति-पत्नी दोनों स्थानीय पालिका परिषद में सफाई कर्मी के पद पर कार्यरत थे। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जहां मंजू का शव जमीन पर पड़ा हुआ था। पुलिस ने मौके पर जांच कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि वह आराम से घर पर बैठा हुआ था। मंजू इस दौरान उसे घूर-घूर कर देख रही थी। इसी बात पर पहले दोनों का झगड़ा हुआ। हालांकि, अधिकारी जांच पूरी होने पर ही हत्या का कारण स्पष्ट होने की बात कह रहे हैं।
नहीं था कोई पुत्र, सिर्फ तीन पुत्री
मंजू की केवल तीन पुत्रियां हैं, पुत्र नहीं है। तीनों बेटियों की उम्र क्रमशः 13, नौ व पांच वर्ष है। वारदात के दौरान मंजू की दोनों बड़ी पुत्रियां स्कूल गई हुई थीं, जबकि सबसे छोटी पांच वर्षीय पुत्री घर पर ही मौजूद थी। तीनों का रो-रो कर बुरा हाल है। परिवार के अन्य सदस्य उन्हें ढांढस बंधाते नजर आए।
पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी पति जहांगीराबाद की दिल्ली गेट पुलिस चौकी पहुंचा और जानकारी दी। उसे हिरासत में ले लिया गया है। हत्या का कारण जानने के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपी ने पहले ब्लेड से गर्दन पर वार किया फिर गला दबा कर हत्या कर दी। - श्लोक कुमार, एसएसपी बुलंदशहर