होली पर बढ़ेंगे फेरे, चलेंगी अतिरिक्त बसें
बुलंदशहर। रंगों के त्योहार होली पर उप्र परिवहन निगम अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा। साथ ही प्रमुख रूटों पर बसों के फेरे भी बढ़ाई जाएंगी। निगम को चुनाव में अधिग्रहीत हुई रोडवेज बसों के वापस आने का इंतजार है।
इस बार 17 मार्च को होलिका दहन और 18 मार्च को रंगों का त्योहार होली मनाया जाएगा। होली त्योहार से पूर्व जनपद निवासी जो अन्य जनपदों में नौकरी करने गए वह लौटना शुरू कर देंगे, वहीं, जिले में रह रहे अन्य जनपदों के लोग भी अपने घर त्योहार मनाने जाएंगे। इसके लिए 13 मार्च से उप्र परिवहन निगम की बसों का संचालन निरंतर शुरू हो जाएगा। बुलंदशहर डिपो के एआरएम धीरज सिंह पंवार ने बताया कि बृहस्पतिवार तक विधानसभा चुनाव में अधिग्रहीत हुई सभी रोडवेज बसें लौट आएंगी। इसके बाद रूट चार्ट बनाया जाएगा। दिल्ली रूट पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे तो लंबे रूट पर अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। साथ ही अन्य मार्गों पर भी बसों का संचालन करने को लेकर तैयारियां की जा रही है।