बुलंदशहर/अहार/औरंगाबाद। शहर व देहात क्षेत्र में बुधवार पूरा दिन बादल छाए रहे। इस दौरान बारिश और बूंदाबांदी का सिलसिला चलता रहा। शाम के समय झमाझम बारिश से नगर से लेकर देहात तक जलभराव हो गया। इससे जहां लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, दूसरी ओर पालिका के पानी निकासी के दावों की भी पोल खुलकर सामने आ गई। मौसम वैज्ञानिक लगातार बारिश की संभावना जता रहे हैं।
पिछले कुछ दिनों से मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। साथ ही कई दिन से बादल छाए हुए हैं और जहां-जहां बूंदाबांदी होती रही। साथ ही हवा ने भी तेजी पकड़ ली। बुधवार की सुबह से ही बादल छाए रहे। इस बीच निकली धूप ने उमस का भी अहसास कराया। दोपहर बाद औरंगाबाद समेत कई जगह झमाझम बारिश हुई। इससे बाजार और मोहल्लों की गलियां पानी से लबालब हो गईं। जलभराव से लोगों के साथ दुकानदारों को भी परेशानी हुई। बाजार में जलभराव होने के कारण ग्राहक नहीं पहुंच सके। इसके अलावा अहार, ऊंचागांव, स्याना, अनूपशहर समेत जिले के अन्य हिस्सों में भी अच्छी बारिश हुई।
इस बारिश से जहां कई जगह जलभराव का लोगों को सामना करना पड़ा। वहीं, दूसरी ओर किसानों के चेहरे खिल गए। किसान किरनपाल सिंह और भगवत का कहना है कि बारिश धान, ज्वार और ईख की फसल के लिए वरदान साबित होगी। वहीं, दूसरी ओर नगर क्षेत्र में शाम के समय झमाझम बारिश हुई। बारिश के शुरू होते ही अधिकतर लोग और दो पहिया वाहन चालक जहां के तहां ठहर गए। इससे कई जगह जलभराव से लोगों खासकर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश का पानी मोहल्ला साठा, नरसलघाट, इस्लामाबाद, बीसा कॉलोनी, कोर्ट रोड, कालाआम, चांदपुर रोड, अस्पताल रोड, राम विहार, बालाजी एन्क्लेव समेत अन्य कॉलोनियों की सड़कों में बने गड्ढों में भर गया। ऐसे में वाहन चालकों को गड्ढे दिखाई नहीं दिए और वाहन हिचकोले खाते रहे। साथ ही बाजारों में चहल-पहल कम हो गई। शाम के समय नौकरी पेशा वाले भी देरी से घर पहुंचे।
बारिश होने से चार डिग्री कम हुआ तापमान
जिले में हुई बारिश के बाद लोगों को उमस से कुछ राहत मिली। इसके साथ ही तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की कमी आ गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, बुधवार को झमाझम बारिश होने पर अधिकतम तापमान कम होकर 29 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। आर्द्रता 89 फीसदी और हवा की गति 10 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रही। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डाॅ. विवेकराज ने बताया कि अभी और बारिश होने की संभावना है। यह बारिश फसलों के लिए अच्छी है तो इससे उमस से भी राहत मिलेगी। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।