बुलंदशहर। जिला अस्पताल परिसर में संचालित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में पिछले कई दिनों से हीटर खराब पड़े हैं। ऐसे में कुपोषित बच्चों के साथ रह रहे परिजनों को सर्दी में ठिठुरना पड़ रहा है। सीएमएस ने खराब हीटर को सही कराने की बात कही है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के माध्यम से जिला अस्पताल परिसर में पोषण पुनर्वास केंद्र संचालित है। यहां पर कुपोषित बच्चों को उपचारित किया जाता है। पिछले दिनों से तीन अतिकुपोषित बच्चे पोषण पुनर्वास केंद्र पर लाए गए। जो अपनी मां संग भर्ती है लेकिन यहां पर सर्दी से बचाव के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। ऐसे में बच्चों के साथ मां को रात में सर्दी लगने से बीमार होने का खतरा सताता रहता है। परिजनों का आरोप है कि केंद्र में पर्याप्त हीटर नहीं हैं। डर है कहीं सर्दी बच्चे को भी बीमार न कर दें।
बोली महिलाएं
तीन दिन से बच्चे को लेकर भर्ती हूं। घर होते तो सर्दी से बचाव कर लेते। यहां पर जो भी संसाधन हैं, उसी में रहना पड़ रहा है। एलईडी भी बंद रहती है। - शबाना, डिबाई निवासी
तीन दिन पूर्व बच्चे को भर्ती कराया था। इन दिनों सर्दी बढ़ गई है तो बचाव के लिए कंबल दे दिए गए। लेकिन कमरे में हीटर आदि की उचित व्यवस्था नहीं है। - लक्ष्मी, देवली निवासी
मेरा बच्चा अभी छोटा है और पांच दिन पूर्व भर्ती कराया। रात में ठंड ज्यादा रहती है। इस दौरान बच्चों की विशेष देखभाल करनी पड़ती है। तापमान में गिरावट के चलते केंद्र के अंदर दिन में भी ठंड सता रही है। - यशिका, नगर निवासी
पोषण पुनर्वास केंद्र के पिछले दिनों ही ब्लोअर, हीटर सही कराए थे। अगर वे खराब हो गए हैं तो दोबारा सही करवा दिया जाएगा। फिलहाल कंबल पर्याप्त हैं। - डॉ. राजीव प्रसाद, सीएमएस जिला अस्पताल