क्रिकेट मैच जीतने के बाद खुशी मनाते विजेता टीम के खिलाडी। संवाद
हापुड़। जेएमएस क्रिकेट अकादमी के मैदान पर रविवार को हापुड़ जिला वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन और हापुड़ थंडरबोल्ट के बीच टी-20 क्रिकेट मैच खेला गया। इसमें हापुड़ जिला वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन ने पांच विकेट से जीत हासिल की।
हापुड़ थंडरबोल्ट के खिलाड़ियों ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 168 रन बनाए। इसमें विवेक सिरोही ने 65 रन, ऑगी त्यागी ने 64 रन का योगदान दिया।
हापुड़ जिला वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन की तरफ से गेंदबाजी करते हुए भारत सिंह बाना ने चार ओवर में 29 रन देकर चार विकेट, मनोज ने चार ओवर में 33 रन देकर दो विकेट हासिल किए। वहीं सोनू नवरंग और धर्मेंद्र सिंह ने भी एक एक विकेट झटका।
लक्ष्य का पीछा करने उतरे हापुड़ जिला वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन के खिलाड़ियों ने 16.4 ओवर में ही पांच विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाकर पांच विकेट से मैच जीत लिया। इसमें चंदू ने 58 रन, सोनू नवरंग ने नाबाद 39 रन का योगदान दिया। हापुड़ थंडरबोल्ट की तरफ से गेंदबाजी करते हुए मोहित ने तीन ओवर में 41 रन देकर दो विकेट हासिल किए। अभिषेक सिंघल और सोनू सिंह ने भी एक-एक विकेट हासिल किया।