स्कूल खुले तो बच्चों के हाथ में थमा दी झाड़ू
ऊंचागांव। बेसिक स्कूलों में बच्चों से झाड़ू लगवाने और साफ-सफाई करवाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इससे विभाग की भी किरकिरी हो रही है। ऐसा ही एक मामला क्षेत्र के एक स्कूल में सामने आया। जहां पर स्कूल खुलने के दूसरे दिन ही छात्राओं से झाड़ू लगवाई जा रही है। बीएसए का कहना है कि मामले की जांच करवाकर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गांव नरेंद्रपुर स्थित बेसिक स्कूल में पढ़ने गई दो छात्राओं के हाथों में शिक्षकों ने सफाई के लिए झाड़ू पकड़ा दी। इन छात्राओं को किसी व्यक्ति ने झाड़ू लगाते देख लिया। इस बारे में शिक्षकों ने चुप्पी साध ली और किसी भी तरह का जवाब नहीं दिया। एक ओर सरकार बच्चों को शिक्षित करने पर जोर दे रही है। वहीं, शिक्षक बच्चों को पढ़ाने के बजाय उनसे साफ-सफाई करवा रहे हैं। इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि अध्यापक शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए कितनी मेहनत कर रहे हैं। इस तरह का यह पहला मामला नहीं है। इससे भी इस तरह के जिले के अलग-अलग क्षेत्र के स्कूलों में बच्चों से साफ-सफाई करवाने के मामले सामने आ चुके हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी वीके शर्मा ने कहा कि अभी इस तरह की शिकायत नहीं मिली है। स्कूल में बच्चों से साफ-सफाई करवाना गलत है और इस तरह के मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा। इसकी जांच करवाई जाएगी और रिपोर्ट मिलने पर संबंधित शिक्षक पर कार्रवाई होगी।