बुलंदशहर। हनी ट्रैप के मामले में लोगों को फंसाकर वसूली करने वाले गिरोह के छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एक गैंगस्टर अपराधी महिला की मदद से गिरोह को चला रहा था। आरोपी अब तक खुर्जा और सिकंदराबाद में दो युवकों से आठ लाख रुपये की वसूली कर चुके हैं।
पांच जुलाई को सलेमपुर क्षेत्र के गिनोरा निवासी एक व्यक्ति की सिकंदराबाद के लिए कार बुक की गई थी। इसके बाद छह जुलाई को कार चालक ने महिला को सिकंदराबाद के जोखाबाद औद्योगिक क्षेत्र में पहुंचा दिया। जहां पर महिला ने कार चालक को पानी पीने के बहाने कमरे में बुला लिया। इसके बाद महिला के अन्य साथी भी कमरे में पहुंच गए और कार चालक को पीटते हुए उसे फर्जी दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देते हुए तीन लाख रुपये वसूल लिए। मामले में पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। दूसरी ओर कोतवाली देहात निवासी एक युवक को आरोपियों ने खुर्जा बुलाया और उसे भी कमरे में बुलाकर फर्जी दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दी। इसके बदले आरोपियों ने युवक से पांच लाख रुपये की वसूली की थी। जांच के दौरान सामने आया कि हनी ट्रैप का गिरोह चलाने वाला जितेंद्र उर्फ जीतू गांव बादशाहपुर पचगाई का रहने वाला है और आरोपी के खिलाफ कुल सात मुकदमें दर्ज हैं। अब पुलिस ने गैंगस्टर जितेंद्र के साथ सोनू ठाकुर उर्फ सोहन पाल व अजीत फौजी निवासी धतूरी, आकाश व सोनू निवासी गांव धरारी और पूनम उर्फ प्रीति निवासी गांव रानऊ को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने वसूली गई धनराशि में से तीन लाख, 49 हजार 800 रुपये, पांच मोबाइल फोन, दो एक्सिस बैंक के चेक, 50 रुपये के स्टांप पर एक लिखित समझौतानाम बरामद किया है। बताया कि आरोपी जितेंद्र के खिलाफ सात, सोनू ठाकुर उर्फ सोहनपाल के खिलाफ चार, सोनू व आकाश के खिलाफ तीन-तीन और अजीत व पूनम उर्फ प्रीति के खिलाफ दो-दो मुकदमे दर्ज हैं।
आरोपियों से परेशान होकर पीड़ित ने किया आत्महत्या का प्रयास
कोतवाली देहात निवासी एक युवक को भी आरोपियों ने फर्जी तरीके से दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की वसूली की थी। आरोपियों की वसूली से परेशान होकर पीड़ित युवक आत्महत्या करने के लिए चला गया था, लेकिन एक रिश्तेदार पुलिसकर्मी ने उन्हें समझाकर वापस बुला लिया था। इसके बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू की थी।
हनी ट्रैप का गिरोह चलाने वाले एक गैंगस्टर समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी दो युवकों को दुष्कर्म के फर्जी केस में फंसाने का डर दिखाकर आठ लाख की वसूली कर चुके थे। पूछताछ के बाद सभी आरोपियों का चालान कर दिया गया है। घटना के खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपये इनाम दिया गया है। - श्लोक कुमार, एसएसपी