गंगा दशहरा पर इस बार नहीं होगा गंगा स्नान, मजिस्ट्रेट तैनात
बुलंदशहर। गंगा दशहरा पर इस बार गंगा स्नान नहीं किया जा सकेगा। कोविड महामारी को देखते हुए जिला प्रशासन ने गंगा स्नान पर पाबंदी लगा दी है। इसके लिए डीएम रविंद्र कुमार ने क्षेत्रवार मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाते हुए नियमों का पालन कराने के निर्देश दिए हैं।
20 जून को गंगा दशहरा पर्व मनाया जाएगा। इस दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा घाट स्नान करते हैं। लेकिन इस बार शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन ने गंगा स्नान पर रोक लगा दी है। डीएम ने आदेश जारी करते हुए कुल 17 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है और गंगा स्नान पर पाबंदी को सख्ती से लागू कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बताया कि इस बार गंगा स्नान रविवार को किया जाएगा, जबकि सरकार के निर्देशानुसार शुक्रवार रात सात बजे से सोमवार सुबह सात बजे तक कोरोना कर्फ्यू लगाया गया है। ऐसे में कर्फ्यू के कारण भी लोग घरों से बाहर नहीं निकल सकेंगे। सभी सातों तहसील में संबंधित एसडीएम और नगर क्षेत्र में सिटी मजिस्ट्रेट को व्यवस्था बनाने का जिम्मा दिया गया है।
कई राज्यों के लाखों श्रद्धालु करते हैं गंगा स्नान
गंगा दशहरा पर जिले के अनूपशहर, अहार, नरौरा और कर्णवास में गंगा तट पर मेले का आयोजन होता चला आ रहा है। इस मेले में न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश समेत अन्य राज्यों के लाखों की संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए आते हैं।
गंगा घाटों पर नौ अधिकारियों की लगाई गई ड्यूटी
गंगा घाटों पर स्नान रोकने के लिए नौ अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। इसमें अनूपशहर के बवस्टर गंज और मस्तराम घाट पर तहसीलदार अनूपशहर, अहार के सिद्ध बाबा घाट पर चकबंदी अधिकारी अनूपशहर, अवंतिका घाट पर सहायक चकबंदी अधिकारी अनूपशहर, कर्णवास गंगा घाट पर तहसीलदार डिबाई, रामघाट गंगा घाट पर चकबंदी अधिकारी शिकारपुर, राजघाट गंगा घाट पर चकबंदी अधिकारी अंतिम अभिलेख बुलंदशहर, नरौरा गंगा घाट पर सहायक चकबंदी अधिकारी अंतिम अभिलेख बुलंदशहर, गंगा घाट मांडू आश्रम पर तहसीलदार स्याना, गंगा घाट भगवानपुर पर सहायक चकबंदी अधिकारी खुर्जा को नियमों का पालन कराने का जिम्मा सौंपा है।
बैठक कर नियमों का पालन करने की अपील की
नरौरा। थाना परिसर में एसडीएम मोनिका सिंह और सीओ वंदना शर्मा ने नरौरा, रामघाट व कर्णवास के पुलिस अधिकारियों एवं संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक की। एसडीएम मोनिका सिंह ने कहा कोरोना संकट अभी टला नहीं है। उन्होंने बताया कि रामघाट थाना व छतारी के अलीगढ़ बॉर्डर पर पुलिस तैनात कर स्नान को आने वाले लोगों को रोकने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में अनिल वार्ष्णेय, लक्ष्मण शर्मा, प्रदीप कुमार, राकेश कुमार, ओमवीर सिंह, सुशील कुमार आदि सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।