बुलंदशहर। निबंधन विभाग के सॉफ्टवेयर को अपडेट किए जाने के चलते शनिवार से मंगलवार 11 नवंबर तक जिले के सभी निबंधन कार्यालय में जमीन का बैनामा नहीं हो सकेगा। ने बताया कि अपग्रेडेशन की प्रक्रिया के चलते बुधवार को फिर से बैनामा शुरू होंगे। इससे विभाग को करीब 10 करोड़ रुपये की आय प्रभावित होगी।
उप निबंधक सदर दीपक श्रीवास्तव ने बताया कि विभाग के सॉफ्टवेयर को अपडेट किया जाना है जिसके चलते शनिवार से मंगलवार तक जिले के सभी आठ कार्यालयों में बैनामा नहीं हो सकेंगे। बताते चलें कि जिले के आठ कार्यालयों में प्रतिदिन औसतन 700 बैनामा होते हैं।
इनसे विभाग को औसतन ढाई करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होता है। ऐसे में इन पांच दिन में विभाग की करीब 10 करोड़ रुपये की आय प्रभावित होगी। दीपक श्रीवास्तव ने बताया कि सॉफ्टवेयर अपडेट होने के बाद बुधवार से यथावत तरीके से बैनामा की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।