संविदा सफाईकर्मियों को नए साल से बढ़े हुए वेतन की सौगात मिलेगी। शासन के निर्देश के बाद पालिका के सफाईकर्मियों का वेतन बढ़ जाएगा। लंबे समय से सफाईकर्मी इसकी मांग कर रहे थे।
बता दें कि नगर पालिका द्वारा सफाई व्यवस्था सुदृढ़ बनाने के लिए ठेके पर सफाई मजदूर रखे गए हैं। छह वार्डों की सफाई के लिए 154 कर्मी, कांशीराम आवासीय कालोनी में सफाई के लिए 12 कर्मी तथा 154 अन्य सफाईकर्मी ठेके पर रखे गए थे।
सफाई श्रमिकों को 250 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से भुगतान किया जाता था, लेकिन सफाई कर्मियों के हाथ में महज 100 रुपये ही पहुंच पाते थे।
शासन द्वारा सफाई श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी 259.04 रुपये प्रतिदिन की गई है। शासन के निर्देश पर अब पालिका पुराने टेंडरों को निरस्त कर नई टेंडर प्रक्रिया के तहत सफाईकर्मियों को प्रतिदिन 259.04 रुपये के हिसाब से भुगतान करेगी।
गौरतलब है कि बढ़े हुए वेतन के लिए ठेके पर रखे गए सफाईकर्मी लंबे समय से इसकी मांग कर रहे थे। शासन के आदेश के बाद अब बढ़े हुए वेतन का प्रस्ताव बोर्ड बैठक में रखा जाएगा।
तय है कि यह प्रस्ताव बोर्ड बैठक में पास कर दिया जाएगा। हालांकि पालिका को इससे अतिरिक्त व्यय का वहन भी करना होगा।
शासन द्वारा सफाई श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी प्रतिदिन 259.04 रुपये तय की गई है। बोर्ड बैठक में इसका प्रस्ताव रखा जाएगा। उम्मीद है कि नए साल से सफाई श्रमिकों को बढ़ा हुआ मिल सकेगा। - एके सिंह, ईओ, नगर पालिका