बुलंदशहर। एनजीटी के आदेश पर जिला प्रशासन ने किसानों को खेतों में पराली नहीं जलाने के दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। इसके बावजूद चार किसानों ने खेतों में पराली जलाई, जिस पर तहसील प्रशासन ने चार किसानों पर 2500-2500 रुपये का जुर्माना लगाया है। वहीं कूड़ा जलाने पर पुलिस ने एक व्यक्ति को जेल भेज दिया है।
वायु प्रदूषण को रोकने के लिए सेटेलाइट के माध्यम से भी पराली जलाने वालों पर नजर रखी जा रही है। माह सितंबर और अक्तूबर में पराली जलाने की घटनाएं होती हैं। इस पर जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्कता बरते हुए है। इसके बावजूद तहसील अनूपशहर के गांव सांखनी में चार किसानों ने बीते दिनों पराली जलाई, जिस पर अनूपशहर तहसीलदार ने जमशेद अली, मुमताज अली, रोज अली, महबूब अली निवासी गांव सांखनी पर 2500-2500 रुपये का जुर्माना लगाया है। इसके अलावा गांव सांखनी के ही आसिफ को कूड़ा करकट जलाने पर पुलिस ने जेल भेज दिया है। तहसीलदार ने बताया कि किसानों से लगातार पराली न जलाने की अपील की जा रही है। इसके बाद भी लोग लापरवाही बरत रहे हैं।