छतारी। थाना क्षेत्र के शेखूपुर गांव में 13 वर्षीय किशोर ने चोरी के आरोप से क्षुब्ध होकर रविवार को फंदे से लटककर जान दे दी थी। मामले में पुलिस ने एक आरोपी ब्रह्मदेव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी इंद्रपाल और अरविंद फरार चल रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।
छतारी थाना क्षेत्र के गांव शेखूपुर निवासी नवाब ने सोमवार को थाने पर तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें उसने बताया था कि पड़ोस में रहने वाले इंद्रपाल के 14 सितंबर की रात को सोते हुए जेब में से 55 हजार रुपये चोरी हो गए थे। 15 सितंबर की सुबह इंद्रपाल को इसकी जानकारी हुई। इंद्रपाल ने चोरी का शक पीड़ित के 13 वर्षीय बेटे समेत दो अन्य बालकों पर लगाते हुए पंड्रावल पुलिस चौकी पर तहरीर भी दी थी। इसके आधार पर 15 सितंबर की शाम को पुलिसकर्मी गांव में पहुंचे व बच्चों और उनके परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने परिजनों से कहा कि वह बच्चों को 16 सितंबर की सुबह चौकी पर ले आएं लेकिन चौकी पर कोई नहीं गया। जिसके बाद आरोपी इंद्रपाल जेवर स्थित तांत्रिक के पास गया।
वहां से आने के बाद आरोपी इंद्रपाल व उसके बेटों ब्रह्मदेव और अरविंद ने नवाब के बेटे पर चोरी का आरोप लगाते हुए, गाली-गलौज की। इसमें बच्चा अपने पिता, चाचा और अन्य लोगों को यही कह रहा था कि उसने चोरी नहीं की। आरोपी बार-बार पुलिस कार्रवाई की धमकी दे रहे थे। इस बात के डर से बच्चे ने रविवार शाम को घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में पुलिस ने इंद्रपाल और उसके बेटे ब्रह्मदेव और अरविंद के खिलाफ आत्महत्या में उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर अब आरोपी ब्रह्मदेव को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि, फरार आरोपी इंद्रपाल और अरविंद की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस अब तक विभिन्न स्थानों पर दबिश दे चुकी है। लेकिन, आरोपी पुलिस को लगातार चकमा दे रहे हैं।